मुमुक्षु अंजलि बोकड़िया के दीक्षा महोत्सव में शामिल होने थांदला श्रीसंघ भी जाएगा बदनावर

थांदला। आचार्यश्री उमेशमुनिजी के सुशिष्य धर्मदास गणनायक प्रवर्तकश्री जिनेंद्रमुनिजी के मुखारविंद से बदनावर में 19 फरवरी को बदनावर की ही मुमुक्षु अंजलि बोकड़िया दीक्षित होने जा रही है। दीक्षा महोत्सव में शामिल होने एवं मुमुक्षु की अनुमोदना करने के लिए थांदला श्रीसंघ भी बदनावर जाएगा। गौरतलब बात यह है कि मुमुक्षु अंजलि बहन छायन के श्री रतनमुनिजी की सांसारिक पड़पोती है। जिन्होंने स्वयं के आत्म कल्याण के लिए संसार को असार समझते हुए चकाचौंध भरे सांसारिक जीवन का त्याग कर संयम जीवन अंगीकार करने का दृढ़ संकल्प लिया है। अपनी दीक्षा को लेकर मुमुक्षु बहना के हर्षित होने का ठिकाना ही नहीं है, इनमें अभूतपूर्व खुशी प्रदर्शित हो रही है। वहीं हर किसी में भी छलकता हुआ अतिउत्साह चरम को छू रहा है। स्मरण रहे मुमुक्षु अंजलि बहन कविश बोकड़िया की सुपुत्री है।

61 संयमी आत्माओं का मिलेगा पावन सानिध्य

गौरतलब है कि इस दीक्षा प्रसंग पर धर्मदास गणनायक प्रवर्तकश्री जिनेन्द्रमुनिजी, अणुवत्सश्री संयतमुनिजी, संघहित चिंतक तत्वज्ञश्री धर्मेंद्रमुनिजी, रोचक वक्ताश्री संदीपमुनिजी आदि ठाणा 21 साध्वीश्री मधुबालाज़ी, मुक्तिप्रभाजी, प्रेमलताजी, संयमप्रभाजी, पुण्यशीलाजी, अनुपमशीलाजी, सुव्रताजी आदि ठाणा एवं निर्मलाजी सहित 40 साधवीजी। इस तरह कुल 61 चारित्र आत्माओं का पावन सानिध्य मिलेगा। 

थांदला श्रीसंघ भी अनुमोदना करने जाएगा

थांदला श्रीसंघ के अध्यक्ष भरतलाल भंसाली, सचिव प्रदीप गादिया, नवयुवक मंडल के अध्यक्ष रवि लोढ़ा ने बताया कि थांदला श्रीसंघ सहित जिलेभर के श्रीसंघों से भी बड़ी संख्या में श्रावक श्राविकाएं एवं बच्चें उक्त दीक्षा महोत्सव में शामिल होने धार जिले के बदनावर जाएंगे एवं वहां संयमी आत्माओं के दर्शन, वंदन, मांगलिक, व्याख्यान आदि का लाभ लेकर मुमुक्षु अंजलि बहना की अनुमोदना करेंगे।

तीन दिवसीय महोत्सव 29 जनवरी से हुआ प्रारंभ

बदनावर में प्रातःकाल में राईय प्रतिक्रमण पश्चात गुरु दर्शन, वंदन, भक्तामर, आज्ञा आदि एवं प्रातः 9 बजे व्याख्यान, दोपहर में शास्त्र वांचन, धर्म चर्चा, शाम को देवसीय प्रतिक्रमण का बड़ी संख्या में आराधक लाभ ले रहे है। बदनावर में तीन दिवसीय दीक्षा महोत्सव 17 फरवरी से प्रारंभ हो गया। इसके अंतर्गत प्रथम दिन शनिवार को प्रातः 12 : 30 बजे संयम का चाक, रात्रि 8 बजे वर्षीदान चौवीसी आदि आयोजन हुआ। 

18 फरवरी को मुमुक्षु की वर्षीदान यात्रा निकलेगी

दूसरे दिन 18 फरवरी को प्रातः 12 :15 बजे मुमुक्षु के निवास से विशाल शोभायात्रा एवं वर्षीदान यात्रा निकलेगी। इसमें बदनावर नगर सहित विभिन्न श्रीसंघ से बड़ी में श्रावक श्राविकाएं शामिल होंगे। मुमुक्षु के हाथों से वर्षीदान लेने की होड़ का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिलेगा। वहीं रात्रि 8 बजे देव, गुरु भक्ति का आयोजन बड़ी सब्जी मंडी होगा।

19 फरवरी को करेंगे दीक्षा अंगीकार

तीसरे दिन मुख्य दीक्षा समारोह दिवस 19 फरवरी को प्रातः 7 बजे मुमुक्षु अंजलि बोकड़िया की महाभिनिष्क्रमण यात्रा निकलकर दीक्षा महोत्सव पांडाल बड़ी सब्जी मंडी पहुंचेगी। वहां प्रातः 9  बजे प्रवर्तकश्री जिनेंद्रमुनिजी हजारों जनसमुदाय की उपस्थिति में मुमुक्षु आत्मा को दीक्षा अंगीकार करवाएंगे। इस अवसर पर क्षेत्र एवं जिले के अलावा प्रदेश सहित विभिन्न प्रांतों के श्रीसंघों के श्रावक श्राविकाएं बदनावर पहुंचकर संयमी आत्माओं के दर्शन, वंदन, मांगलिक, व्याख्यान आदि का लाभ लेने व मुमुक्षु की अनुमोदना करेंगे।

Comments are closed.