थांदला। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विजयादशमी उत्सव के निमित विशाल पथ संचालन नवीन मंडी प्रांगण से निकला। इस अवसर पर स्वयं सेवको को संबोधित करते हुए प्रांत धर्मजागरण संयोजक ललित कोठारी ने कहा हमारा एक मात्र उद्देश्य भारत को परम वैभव पर पहुंचना है। सौ वर्षों की इस यात्रा में जो 1925 में कुछ बाल स्वयं सेवको से प्रारंभ हुई उपहास ,तिरस्कार प्रतिबंधों को सहती हुई लगातार आगे बढ़ती रही हैं। अनेक विघ्न आए लेकिन संघ कभी नहीं डिगा। क्योंकि हमारे कार्य का आधार शुद्ध सात्विक परस्पर प्रेम रहा है। डॉक्टर साहब व गुरुजी को ही सभी ने स्वीकार किया। हमारी कार्य शैली व्यक्ति केंद्रित नहीं रही। हमने तत्व को महत्व दिया आत्मसात किया है।

कोठारी ने कहा हमारा सौभाग्य है कि संघ की स्थापना के बाद झाबुआ जिले में संघ की पहली शाखा थांदला में लगी व पहले प्रचारक थांदला से निकले क्योंकि संघ की कार्य पद्धति शाखा केंद्रित रही जो एक साधना स्थली है शाखा से ही व्यक्तित्व विकास प्रारंभ होता है जहां से व्यक्ति में मेरा से ऊपर उठकर हमारा हम सबका भाव के साथ देश के लिए कार्य करने प्रेरित होता है। अनेकों उदाहरण है संघ के स्वयंसेवक संकट की घड़ी में समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे है।
