अर्पित चोपड़ा, खवासा
खवासा की न्यू हाइट्स पब्लिक स्कूल में क्रिकेट अकादमी की शुरुआत की गई। क्रिकेट पिच और नेट कोर्ट का शुभारंभ रणजी ट्रॉफी क्रिकेट प्लेयर अर्पित भटेवरा ने वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी संजय व्यास व विजेंद्र सिंह राठौर (विनोद बापू) की उपस्थिति में फीता काटकर किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अर्पित भटेवरा ने कहा कि आप जैसा चाहते है वैसा बन सकते है। हमेशा सकारात्मक सोच के साथ अनुशासन और कड़ी मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते है इनसे घबराना नहीं है और अपने लक्ष्य की दिशा में कार्य करते रहना है। भटेवरा ने संस्था द्वारा किए इस प्रयास की सराहना करते हुए किक्रेट चयन प्रक्रिया के बारे में विद्यार्थियों को मार्गदर्शित किया। भटेवरा ने कहा कि लड़कियों को भी इसमें पीछे नहीं रहना है क्योंकि आज क्रिकेट में लड़के और लड़कियों दोनों के लिए समान अवसर उपलब्ध है। संजय व्यास ने कहा कि क्रिकेट अनुशासन का खेल है। इस क्रिकेट अकादमी का अधिक से अधिक लाभ लेने की बात कही। विजेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि संस्था का यह प्रयास सराहनीय है। बच्चे कोच के माध्यम से अच्छा क्रिकेट सीख अपनी प्रतिभा को निखारे। गोलू उपाध्याय ने अर्पित भटेवरा के यहाँ तक पहुंचने के संघर्षों के बारे में विद्यार्थियों को बताया। उपाध्याय ने कहा कि खेल में मेहनत के साथ रेगुलर डाइट प्लान का अहम रोल है। बच्चों को पौष्टिक आहार लेने और नियमित प्रैक्टिस करने की बात कही।
