शिवा रावत, सोंडवा
मिशन D3 के तहत अलीराजपुर तहसील के सोंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम थोड़सिंधी में पंचायत स्तरीय बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गाँव के पटेल, सरपंच, पूर्व सरपंच, पुजारा, चौकीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण बुजुर्ग एवं युवाओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गत वर्ष मिशन D3 के तहत आयोजित बैठक के बाद हुए कार्यों और उसके सकारात्मक परिणामों पर विचार-विमर्श करना तथा मिशन के नियमों का पालन करते हुए पिछले वर्ष सबसे पहले विवाह करने वाले परिवारों का सम्मान करना था। इस अवसर पर विनेश तोमर सहित अन्य परिवारों को मिशन D3 के नियमों का कड़ाई से पालन कर समाज को सकारात्मक संदेश देने के लिए ग्राम पंचायत थोड़सिंधी मिशन D3 समिति द्वारा स्मृति चिन्ह एवं 4051-4051 रुपये नगद देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जननायक टंट्या भील की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मिशन D3 के संस्थापक नितेश अलावा, ग्राम पटेल रामसिंह वास्केला, ग्राम सरपंच प्रतिनिधि संदीप वास्कले, पूर्व सरपंच जैराम रावत तथा आदिवासी समाज जिला आलीराजपुर आयोजन समिति के जिला अध्यक्ष बहादुर सिंह रावत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
