पेटलावद। पश्चिमी मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के सबसे प्रसिद्ध पर्व भगोरिया पर्व को लेकर स्टेट प्रेस क्लब मप्र द्वारा पेटलावद में भगोरिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें क्लब के कुल 125 वरिष्ठ मीडियाकर्मी शामिल हुए। इस दौरान पेटलावद में ऐतिहासिक और पारंपरिक रूप से भगोरिया गैर का आयोजन किया गया। जिसमें आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति के साथ गैर निकाली गई।

पारंपरिक भगोरिया गेर का हुआ आयोजन –
भगोरिया महोत्सव में शामिल होने हेतु इंदौर से 125 वरिष्ठ मीडिया कर्मियों का दल पेटलावद पहुंचा। इस दौरान स्थानीय कानवन रोड से भगोरिया गैर प्रारंभ की गई। भगोरिया गैर में कल्याणपुरा एवं छायन पश्चिम क्षेत्र से दो आदिवासी नृत्य दल आकर्षण का केंद्र रहे। जिन्होंने भगोरिया गैर के दौरान अपनी शानदार प्रस्तुति दी। भगोरिया गैर का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रवीण खारीवाल अध्य्क्ष स्टेट प्रेस क्लब मप्र द्वारा किया गया। भगोरिया गेर कानवन रोड, श्रद्धांजलि चौक, पुराना बस स्टैंड होते हुए भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल पहुंची जहां प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। माल्यार्पण पश्चात भगोरिया गैर पुनः कानवन रोड पहुँची, जहां गैर का समापन हुआ।

श्री नीलकंठेश्वर महादेव के किये दर्शन, अहिल्या माता की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
स्टेट प्रेस क्लब द्वारा आयोजित की गई भगोरिया गैर के दौरान मुख्य अतिथि प्रवीण खारीवाल सहित वरिष्ठ मीडियाकर्मियों द्वारा श्री नीलकंठेश्वर महादेव के दर्शन किए एवं मंदिर परिसर में स्थित मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

सम्मान समारोह हुआ आयोजित
भगोरिया महोत्सव के दौरान स्थानीय गंगा पैलेस पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सर्व प्रथम माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीपप्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। जिसमें आदिवासी अंचल के कलाकारों द्वारा आदिवासी नृत्य की दी गई प्रस्तुति को लेकर छायन पश्चिम से आई टीम के नेतृत्वकर्ता सुरसिंह मीणा व कल्याणपुरा से आई टीम के राजेश मेड़ा का सम्मान किया गया। साथ ही रतलाम के प्रसिद्ध हास्य कवि चंचल चौहान का भी सम्मान किया गया। जिन्होंने अपनी हास्य कविताओं से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्य्क्ष श्रीमती ललिता योगेश गामड़, सामाजिक कार्यकर्ता गौरसिंह कटारा, पार्षद ममता गुजराती आदि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार सुनील भंडारी के द्वारा किया गया और आभार शान ठाकुर के द्वारा माना गया।

गोकाष्ठ होलिका दहन व मिलन समारोह हुआ आयोजित
क्लब के अध्यक्ष व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण खरीवाल के निर्देशानुसार आयोजित किए गए भगोरिया महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए गोकाष्ठ होलिका दहन किया गया। श्री खारीवाल द्वारा विधिवत होलिका दहन किया गया। होलिका दहन पश्चात होली मिलन समारोह में समस्त मीडिया कर्मियों द्वारा एक दूसरों को गुलाल लगाकर रंगों के त्योहार होली महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी एवं पूरे प्रदेश की सुख शांति की कामना की गई।

उक्त आयोजन को सफल बनाने में स्टेट प्रेस क्लब मप्र टीम झाबुआ के सुरेश मुलेवा, सुनील खोड़े, सुनील भंडारी, बाबुलाल काग, रमेश सोलंकी, शान ठाकुर, प्रवीण बसेर, नरेश भटेवरा, दीपक मिस्त्री, लक्की बसेर आदि का विशेष योगदान रहा।
