टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त करने हेतु शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन

0

गोपाल राठौर, कट्ठीवाड़ा

अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश के आह्वान पर विकासखण्ड कट्टीवाड़ा में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के परिप्रेक्ष्य में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता को समाप्त करने और नियुक्ति दिनांक से ही सेवा अवधि की गणना किए जाने के संबंध में एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। यह ज्ञापन महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित था।

ज्ञापन सौंपने से पूर्व विकासखण्ड के समस्त शिक्षक कट्टीवाड़ा स्थित सामुदायिक भवन में एकत्रित हुए, जहाँ विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने उपस्थित शिक्षकों को संबोधित किया। इस दौरान शिक्षकों ने स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ क्रमोन्नति और एरियर के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। सभा के पश्चात शिक्षकों ने एकजुट होकर रैली निकाली और तहसील कार्यालय पहुँचकर तहसीलदार महोदय को अपना मांग पत्र प्रस्तुत किया।

इस कार्यक्रम का संचालन दिग्विजयसिंह मेवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त मोर्चा के विकासखण्ड समन्वयक शंकर हखाल, वेलकु किराड, नजक ओहरिया, लक्ष्मीनारायण राठौड़, मनीष भिण्डे, आशीष पंचोरिया, नारायण शिन्दे, प्रमीला किराड, शारदा बारिया, एशराम जमरा, पंकज प्रजापति, पवन चौहान और हानसिंह डावर सहित क्षेत्र के समस्त शिक्षकों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.