आगजनी पीड़ित परिवार के साथ खड़े हुए जोबट विधायक सेना महेश पटेल

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

विकासखंड जोबट के ग्राम बलदमुंग–मसानिया फलिया में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना में शंकर सिंह भूरसिंह मसानिया का पूरा मकान एवं घर का सामान जलकर खाक हो गया। क्षेत्रीय विधायक सेना महेश पटेल पीड़ित परिवार से मौके पर मिल कर उन्हें ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

विधायक पटेल ने पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा उनके सामने आई कठिनाइयों को समझा। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी चर्चा की। एसडीएम जोबट एवं जोबट थाना प्रभारी से बातचीत कर घटना की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि घटना का पंचनामा अभी तक तैयार नहीं किया गया था। इस पर विधायक ने तत्काल रिपोर्ट की प्रति मंगवाई और संबंधित पटवारी को मौके पर बुलाकर वहीं पंचनामा बनाने की प्रक्रिया शुरू करवाई।

पीड़ित परिवार को तत्काल राहत दिलाने के लिए विधायक के प्रयास से रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से ₹10,000 की नगद सहायता उपलब्ध करवाई गई। साथ ही विधायक सेना महेश पटेल ने अपनी विधायक स्वेच्छानिधि से ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके और वे अपने जीवन को फिर से व्यवस्थित कर सकें।

विधायक ने कहा कि किसी भी आपदा या संकट की घड़ी में जनता को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को शासन की अन्य राहत योजनाओं का भी लाभ शीघ्र दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी यदि किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वे हर संभव मदद के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।

ग्रामीणों ने भी विधायक के इस संवेदनशील कदम की सराहना की और कहा कि संकट की घड़ी में जनप्रतिनिधि का इस प्रकार मौके पर पहुंचकर सहायता दिलाना सराहनीय है। विधायक की इस पहल से पीड़ित परिवार को आर्थिक एवं मानसिक सहारा मिला है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.