सरदार एकता यात्रा का मध्य प्रदेश में भव्य आगमन: पिटोल में सर्व समाज ने किया जोरदार स्वागत

0

भूपेंद्र नायक, पिटोल

अखंड भारत के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर आयोजित “सरदार एकता यात्रा: सरदार आपके द्वार” का आज मध्य प्रदेश की सीमा में भव्य प्रवेश हुआ। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल द्वारा 5 मार्च 2026 को अहमदाबाद से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई यह यात्रा अपने निर्धारित समय पर सुबह 8:30 बजे झाबुआ जिले के पिटोल स्थित हनुमान टेकरी पहुँची। इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर स्थित हनुमान मंदिर पर सर्व समाज के वरिष्ठ जनों और प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पिटोल के स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ झाबुआ, पेटलावद और थांदला से आए पाटीदार-पटेल समाज के लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और सहभागियों के लिए स्वल्पाहार एवं चाय की विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की ओर से चौकी प्रभारी अशोक बघेल ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ यात्रा की अगवानी की। यह प्रेरक यात्रा अनुशासन और संकल्प का संदेश लेकर अगले 40 दिनों में मध्य प्रदेश और गुजरात के 36 जिलों का भ्रमण करेगी।

“जय सरदार, सबके सरदार” के उद्घोष के साथ निकाली जा रही इस यात्रा का मुख्य आकर्षण सरदार पटेल की प्रतिमा और उनकी पावन चरण पादुकाएँ हैं, जो श्रद्धा के केंद्र के रूप में साथ चल रही हैं। यह आयोजन केवल एक समाज विशेष तक सीमित न रहकर सर्व समाज की सहभागिता का प्रतीक बन गया है। यात्रा का उद्देश्य सरदार पटेल के राष्ट्रनिष्ठा और एकता के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और युवा पीढ़ी को उनके त्यागपूर्ण जीवन से प्रेरित करना है। राष्ट्र की चेतना को जागृत करती यह यात्रा भारत की अटूट शक्ति और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध हो रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.