झाबुआ। भारतीय स्त्री शक्ति, झाबुआ इकाई द्वारा सावित्री जागृति मेले का भव्य आयोजन स्थानीय केशव इंटरनेशनल स्कूल पर किया गया। इस कार्यक्रम में झाबुआ के प्रत्येक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली लगभग 350 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सावित्रीबाई फुले ने अपने समय में बालिका शिक्षा जैसी सामाजिक चुनौतियों के लिए संघर्ष किया, उसी प्रकार आज की पीढ़ी को साइबर क्राइम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से उत्पन्न समस्याओं और कुपोषण जैसी आधुनिक चुनौतियों से जूझना होगा। उन्होंने महिलाओं से जागरूक, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
