झाबुआ। पेटलावद क्षेत्र के किडनी रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही डायलिसिस की किल्लत अब खत्म होने वाली है। क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया के विशेष प्रयासों से पेटलावद सिविल अस्पताल को अत्याधुनिक हीमोडायलिसिस मशीन उपलब्ध करा दी गई है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की नींव पिछले दिनों तब रखी गई जब मंत्री निर्मला भूरिया ने भोपाल में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात की थी। उन्होंने उपमुख्यमंत्री को बताया कि पेटलावद क्षेत्र के मरीजों को डायलिसिस के लिए रतलाम और इंदौर जैसे शहरों तक लंबा सफर तय करना पड़ता है, जो न केवल कष्टदायी है बल्कि आर्थिक रूप से भी भारी पड़ता है। मंत्री के अनुरोध पर उपमुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मशीन की मंजूरी दी, जिसके बाद 13 लाख 96 हजार 290 रुपए की लागत वाली मशीन अब अस्पताल पहुँच चुकी है।
