झाबुआ ।भुवनेश्वर (ओड़िशा) में आयोजित भारतीय स्त्री शक्ति की साधारण सभा बैठक में झाबुआ की शारदा समूह की संचालिका किरण शर्मा को संगठन की राष्ट्रीय महामंत्री निर्वाचित किया गया।
किरण शर्मा वर्ष 2012 से भारतीय स्त्री शक्ति संगठन से जुड़ी हुई हैं। संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने 2018 में मध्यप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। लगातार 6 वर्षों तक प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रहते हुए अपने समर्पित नेतृत्व व सक्रिय योगदान से उन्होंने संगठन को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया। अब उन्हें भारतीय स्त्री शक्ति संगठन की राष्ट्रीय महामंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
गौरतलब है कि भारतीय स्त्री शक्ति संगठन की स्थापना 1986 में निर्मला बाल आप्टे द्वारा की गई थी। राष्ट्रीय महामंत्री पद पर पूर्व में मनीषा कोठेकर, नयना विनय सहस्त्रबुद्धे, वर्षा विनोद तावड़े और जयश्री वी. मुरलीधरन जैसी प्रतिष्ठित महिलाएँ कार्य कर चुकी हैं। किरण शर्मा के इस निर्वाचन से झाबुआ को पुनः राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है।