इरशाद ख़ान, बरझर
क्षेत्र के ग्राम बड़ा खुटाजा (केलूनघाटी) में आयोजित भव्य श्रीमद भागवत कथा एवं कलश यात्रा में आज आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने इस पावन अवसर पर विशेष रूप से सहभागिता की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में निकाली गई कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से भर दिया। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की ध्वनि में यात्रा ने गांव में उत्साह और श्रद्धा का अनोखा रंग बिखेरा। विधायक सेना महेश पटेल ने आयोजन की सफलता और धार्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने हेतु ₹11,000 (ग्यारह हजार रुपये) की सहयोग राशि भेंट की। उनके इस सहयोग से आयोजन समिति और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया।
