पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक और “चलो पंचायत की ओर” अभियान का आयोजन हुआ
आलीराजपुर। युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी बैठक एवं “चलो पंचायत की ओर” अभियान का भव्य आयोजन पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में पटेल फॉर्म हाउस, बोरखड़ (आलीराजपुर) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करना, युवाओं को सक्रिय रूप से जोड़ना तथा आमजन की समस्याओं को सीधे संगठन और नेतृत्व तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव सी.बी. चौहान, प्रदेश महासचिव चेतन चौधरी, जिला प्रभारी अरुण गुर्जर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पमाला एवं स्वागत-सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा से ही जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रही है। “चलो पंचायत की ओर” अभियान के माध्यम से गांव-गांव जाकर युवाओं को जागरूक किया जाएगा और पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस की असली ताकत गांव और पंचायत हैं। आज जरूरत है कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए संगठित संघर्ष करें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करें।
