नानपुर भगोरिया में उमड़ा अभूतपूर्व जनसैलाब, महेश पटेल ने ढोल बजाकर जमाया रंग—सैकड़ों कांग्रेस नेता-पदाधिकारी रहे उपस्थित
जितेंद्र वाणी, नानपुर
नानपुर में आयोजित पारंपरिक भगोरिया महोत्सव इस वर्ष ऐतिहासिक उत्साह, ऊर्जा और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य गैर निकालकर पूरे क्षेत्र को भगोरिया और होली के रंग में रंग दिया। ढोल-मांदल की गूंजती थाप, पारंपरिक नृत्य और आदिवासी वेशभूषा ने माहौल को सांस्कृतिक गौरव से भर दिया।
महेश पटेल स्वयं ढोल बजाते नजर आए। जैसे ही ढोल की थाप गूंजी, हजारों कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उत्साह से थिरक उठे। पूरा नानपुर जनसैलाब में बदल गया, जहां संस्कृति, परंपरा और संगठन की शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सैकड़ों नेता-पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में सैकड़ों कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से युवक कांग्रेस के ज़िलाध्यक्ष पुष्पराज रावत पटेल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश चौहान, आदिवासी विकास परिषद के जिला अध्यक्ष अंगर सिंह चौहान, सरपंच झमराला भाई ,हिराला सस्तिया (भाया), विक्रम मौर्या, अर्जुन मौर्या, निर्भय पटेल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा साथी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
जिला, ब्लॉक और सेक्टर स्तर तक के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत, संगठित और जनसमर्थन से परिपूर्ण है।
महेश पटेल ने कहा भगोरिया केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारी आदिवासी अस्मिता, परंपरा, स्वाभिमान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें हमारी जड़ों से जोड़ता है और हमें हमारी संस्कृति की ताकत का एहसास कराता है। हमारी पहचान हमारे रीति-रिवाजों, हमारी वेशभूषा, हमारे नृत्य और हमारी परंपराओं में बसती है।”
उन्होंने आगे कहा—“कांग्रेस पार्टी सदैव आदिवासी समाज, किसानों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। हम क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर निरंतर आवाज उठाते रहेंगे। हमारा संकल्प है कि आदिवासी अंचल के विकास में कोई कमी नहीं रहने देंगे।”
