ई-विकास प्रणाली के तहत अब ई-टोकन से होगा खाद का वितरण

0

ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला 

मध्यप्रदेश शासन द्वारा उर्वरक वितरण की नई ‘ई-विकास प्रणाली’ को प्रभावी बनाने के लिए आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था छकतला में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कृषि विभाग के एडीपीओ शेरसिंह जाजमे ने जानकारी दी कि वर्तमान में खाद का वितरण ई-टोकन के माध्यम से ही किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में किसान की फार्मर आईडी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, क्योंकि इसी आईडी और बोई गई फसल के आधार पर खाद की मात्रा निर्धारित की जाएगी।

किसान अपनी सुविधा के अनुसार स्वयं ‘एमपी किसान ऐप’ के माध्यम से ई-टोकन जनरेट कर सकते हैं या फिर संबंधित कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। खाद प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी के साथ-साथ किसान का मोबाइल नंबर होना भी अनिवार्य रहेगा। टोकन में खाद की बोरियों की जो संख्या दर्ज होगी, उतनी ही मात्रा किसान को प्रदान की जाएगी। योजना में यह लचीलापन भी रखा गया है कि किसान चाहे तो एक ही बार में पूरे सीजन का खाद ले सकता है या जरूरत के अनुसार अलग-अलग समय पर भी इसे प्राप्त कर सकता है।

यह सुविधा सहकारी सोसायटियों के साथ-साथ निजी लाइसेंसी दुकानों पर भी उपलब्ध रहेगी। केसीसी धारक किसानों को भी अपनी समिति से खाद लेने के लिए पहले इसी प्रक्रिया के तहत ई-टोकन बनवाना होगा। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्था प्रबंधक ब्रह्मदत्त सविता, सोंडवा एसएडीओ शांतिलाल अलावा और कृषि विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.