मयंक विश्वकर्मा, आम्बुआ
आलीराजपुर जिले के आम्बुआ पंचायत क्षेत्र के समधनी फलिया में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने प्राचार्य के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आज दिनांक 11 फरवरी को जिलाधीश से मिलने के लिए पैदल मार्च कर दिया सूचना मिलने पर जिलाधीश श्रीमती नीतू माथुर उनसे मिलने निकल पड़ी तथा आम्बुआ से लगभग 8/9 कि मी दूर मार्ग में छात्राओं से मिली तथा जानकारी प्राप्त कर अतिशीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया तथा चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर जांच शुरू करने के निर्देश के बाद छात्राओं को वाहन व्यवस्था कर छात्रावास भेजा गया।
मिली जानकारी अनुसार आम्बुआ क़स्बे से बाहर समधनी फलिया में विगत वर्ष नवीन भवन में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रारंभ किया गया था, विगत माह यहां की कुछ शिकायतें जिलाधीश को मिली थी जिसकी जांच की जाकर शासन को रिपोर्ट भेजी गई है कि अचानक आज दिनांक 11 फरवरी को यहां की लगभग 300 छात्राऐं प्राचार्य हटाओ के नारे लगाते हुए पैदल ही जिलाधीश से मिलने आलीराजपुर की ओर रवाना हो गई, जैसे ही खबर फैली प्रशासन हरकत में आया तथा जिलाधीश श्रीमती नीतू माथुर ने राजस्व निरीक्षक श्री तपीश पाण्डेय को भेजा उन्होंने मार्ग में छात्राओं से चर्चा कर उन्हें वापस छात्रावास जाने को कहा मगर वे जिलाधीश से मिलने पर अड़ी रही तथा पैदल ही आलीराजपुर के लिए रवाना हो गई, पुनः सूचना मिलने पर जिलाधीश स्वयं वहां पहुंची तथा छात्राओं से चर्चा की तो उन्होंने ने प्राचार्य पर अनेक गंभीर आरोप लगाते हुए बोला कि उन्हें जाति सूचक शब्दों से बुलाया जाता है,भोजन की गुणवत्ता, स्टेशनरी, गर्म कपड़े नहीं देने आदि अनेक आरोप लगाए गए हैं जिलाधीश द्वारा शिकायतों की जांच हेतु चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है जोकि जांच कर रही है, अन्य कार्यवाही के आश्वासन के बाद छात्राएं मानी जिसके बाद उन्हें वाहन व्यवस्था कर छात्रावास भेजा गया है।
