झाबुआ लाइव डेस्क
सोमवार को सेन समाज की शंखनाद यात्रा नगर में पहुंची और नगर के सेन समाज के लोगों ने स्थानीय पैलेस गार्डन में शंखनाद यात्रा के नेतृत्वकर्ता प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त कल्पी बोर्ड के प्रदेशाध्यक्ष नंदकिशोर वर्मा का पुष्पहारों से भव्य स्वागत किया । इस अवसर पर आयोजित समाजजनों की बैठक को संबोधित करते हुए नंदकिशोर वर्मा ने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि सेन समाज को प्रदेश स्तर पर अनुसूचित जाति वर्ग का दर्जा दिलाने के लिए आगामी 14 नवंबर को इन्दौर में सेन समाज का विशाल जंगी शक्ति प्रदर्शन एवं वृहद सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इस वृहद सम्मेलन में सेन समाज को अनुसूचित जाति वर्ग में विधानसभा में 10 साल पूर्व पारित प्रस्ताव के अनुसार प्रदेश मे अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल करने तथा आरक्षण के तहत समस्त लाभ अजा वर्ग की तरह लाभ दिलाने के लिये शक्ति प्रदर्शन कर सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत, एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नन्दकुमारसिंह चौहान के सामने पारित प्रस्तावानुसार समग्र सेन समाज को इस का लाभ दिलाने के लिये मांग पूरी करवाने के लिये बाध्य किया जाएगा।
वर्मा ने कहा कि सेन समाज को भी अजा वर्ग की तरह लाभ मिलना चाहिये तथा नौकरियों सहित सभी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके लिये यह हमारा शक्ति प्रदर्शन होगा। उन्होने कहा कि हमारा सेन समाज सोया हुआ है, आज की स्थिति में एक भी विधायक, लोकसभा सदस्य, जिला पंचायत हो या जनपद या नगरीय निकाय कही पर भी हमारा प्रतिनिधित्व नही है। समाज को अजा वर्ग का लाभ मिल जाने पर हमारा समाज तेजी से प्रगति कर सकेगा। उन्होंने कहा कि हम अभी तक शून्य वाली स्थिति में है और सेन समाज को अनुसूचित जाति वर्ग कपा लाभ मिलने पर ही हम समाज कपो आगे ले जा सकते है। वर्मा ने आगे कहा कि 14 नवम्बर को इन्दौर में आयोजित इस सम्मेलन में जिले से सेन समाज का एक भी परिवार नही छूटना चाहिए तथा महिलाओं सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रह कर हमें अपनी शक्ति का प्रदर्शन करके सरकार को अपनी इस मांग के लिये बाध्य करना है। उन्होंने समाज से आग्रह किया कि वे इसके लिए नगर में होर्डिंग्स लगा कर इस सम्मेलन के बारे में व्यापक प्रचार प्रसार करें तथा प्रत्येक व्यक्ति अपनी दुकान पर इस बारे मे बैनर लगा कर अपने समाज की जागृति के बारे में प्रयास करे। इन्दौर सम्मेलन मे हमारी मांग प्रदेश के मुखिया द्वारा पूरी कर लेने पर हम इसके बाद पूरे प्रदेश में धन्यवाद यात्रा का भी आयोजन करेंगे।
इस अवसर पर राजोद से पधारे दिलीप सेन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि सेन समाज की शंखनाद यात्रा 30 अगस्त से प्रारंभ होकर प्रदेश के 43 जिलों में अभी तक भ्रमण कर चुकी है। उन्होंने 14 नवम्बर को इन्दौर मे आयोजित महासम्मेलन में शामील होने का समाजजनों से आग्रह किया। इस अवसर पर धार जिले के जिलाध्यक्ष राधेश्याम सेन, जिले के अध्यक्ष कांतिभाई सेन, भानुप्रकाश पेटलावद, रमेश भाटी रिंगनोद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। शंखनाद यात्रा का कांतिभाई सेन जिलाध्यक्ष झाबुआ, पन्नालाल घनश्याम भाटी, कालूराम भाटी, राजेश गेहलोत, निलेश परमार, भानू प्रकाश, राजेश देवडा, राकेश परमार, मुकेश राठौर, बाबुलाल पंवार, राजेश सोलंकी, दिनेश वर्मा, हाकुम भाई आदि ने आगन्तुक अतिथियों का स्वागत किया। समाज की इसय बैठक में सभी ने करतल ध्वति के बीच 14 नवम्बर को इन्दौर में आयोजित समाज के सम्मेलन में सपरिवार भाग लेने का संकल्प दुहराया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *