झाबुआ। प्रत्येक व्यक्ति को पद मिले ऐसा संभव नहीं, संगठन समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर सतत चलता है और सफलता पाता है। कई ऐसे नींव के पत्थर है जो गुमनामी के साथ पूर्ण समर्पण भाव लिए कार्य कर रहे है। पद, मान-सम्मान के लिए नहीं कार्य करने के लिए सौंपा जाता है। यह प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के समर्पण का नतीजा है की आज देश का ऐसा कोई भी वर्ग नहीं है, जिसे शासन की योजनाओं का लाभ ना मिल रहा हो। उक्त विचार प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व झाबुआ जिला प्रभारी, विधायक रंजना बघेल ने व्यक्त किए।
भाजपा की छवि कार्यकर्ता से-
भाजपा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह व जिला वृहद बैठक की मुख्य अतिथि रंजना बघेल ने कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे सभागार में संबोधित करते हुए कहा जबसे मुझे झाबुआ जिला प्रभारी का दायित्व मिला है, जिला संगठन द्वारा लगातार सफल आयोजनों की श्रृंखला जारी है। हमें शोषणमुक्त और सशक्त भारत के लिए पंचनिष्ठा के साथ प्रजातांत्रिक तरीके निरन्तर कार्य करते रहना है। भाजपा की छवि प्रत्येक कार्यकर्ता के कार्य व्यवहार से जुड़ी है। एकतंत्रवाद की सोच नहीं बल्कि सर्व कल्याण की भावना के साथ मतभेदो को छोड़ लगातार संगठन को सशक्त करे।उन्होंने कहा अब पहले जैसी स्थिति नहीं रही प्रिंट-इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से कार्यकर्ताओ पर चौतरफा संगठन की नजर रहती है। आगामी चुनाव को लेकर अल्प समय शेष है जिनके लिए अभी से हमें पूर्ण तैयारी के भाव के साथ कार्य में लग जाना है। 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस ग्राम केंद्र स्तर तक पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मनाना है। पार्टी का झंडा हमारे उत्साह का भी प्रतीक है, ऐसे अवसर पर क्षैत्र में अधिक से अधिक उत्साह का वातावरण निर्मित हो ऐसा प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कोई भी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सीधे संपर्क कर मुझे अपनी समस्या बता सकता है। जिला प्रभारी बघेल ने मण्डलवार और जिला पदाधिकारियों से विभिन्न जानकारियां ली और वर्तमान संगठन के प्रगति कार्यो की जानकारी लेते हुए अपने सुझाव व्यक्त किए साथ ही संगठन हित में ऐसे कार्यकर्ता-पदाधिकारियों से पुन: सक्रिय होने की बात कही जो वर्तमान पद दायित्व के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे है।
जिलाध्यक्ष दौलत भावसार ने कहा जिला संगठन द्वारा प्रदेश व केंद्रीय संगठन से प्राप्त होने वाले आदेशो व निर्देशों का पूर्ण समर्पण व निष्ठा के साथ सतत पालन किया जा रहा है। समर्पण निधि के तहत तय लक्ष्य के अनुरूप अब तक 6 लाख 5 हजार रुपए प्रदेश संगठन को भिजवाए जा चुके है, शेष राशि समस्त मंडलों से एकत्रित कर 14 अप्रैल तक पहुंचाई जाएगी। भावसार ने कहा जिले में 11 मंडलों को विस्तारित कर अब 17 मंडलों की रचना प्रदेश की मंशा अनुरूप की जा रही है जिनके विधिवत गठन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा वर्तमान संगठन के कार्यकाल में पेटलावद क्षेत्र के तीन पंचायत चुनावों में समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर विजय हासिल की गई। उन्होंने कहा प्रदेश की कार्ययोजना और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना अनुरूप 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस पूर्ण हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस दिन ग्राम पंचायत स्तर से लेकर नगरीय क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड स्तर तक स्थापना दिवस के आयोजन किए जाएंगे। इस दिन जिला भाजपा द्वारा जिला मुख्यालय स्थित राजवाड़ा चौक पर ध्वजारोहण, कन्यापूजन, आतिशबाजी और समाज में सेवा कार्य करने वाले वरिष्ठों का सम्मान समारोह सहित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें 2500 लड्डूओं से उपस्थित राष्ट्रभक्त जनता का मुंह मीठा कराया जाएगा। भावसार ने कहा आगामी नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर शीघ्र ही वार्डवार संयोजक व मतदान केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्ययोजना पर कार्य किया जाएगा। बैठक के दौरान समर्पण निधि संग्रह में तय सीमा से पूर्व अग्रिम राशि जमा कराने पर जिलाध्यक्ष के आह्वान पर रामा मंडल अध्यक्ष बापू भूरिया व मंडल प्रभारी, जिला उपाध्यक्ष अजय पोरवाल, रायपुरिया मंडल अध्यक्ष अजमेरसिंह भूरिया व मंडल प्रभारी जिला उपाध्यक्ष, हेमन्त भट्ट, मेघनगर मंडल अध्यक्ष मुकेश मेहता व मंडल प्रभारी, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह नायक का प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी रंजना बघेल द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *