यहां मिट्टी में दबा मिला नवजात, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

0

शान ठाकुर, पेटलावद

रायपुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम देवली में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों को एक नवजात शिशु मिट्टी में दबा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि नवजात जीवित अवस्था में था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद रायपुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अपने कब्जे में लेकर उपचार के लिए पेटलावद सिविल अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी सामने आते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस नवजात शिशु को जन्म के बाद इस तरह मिट्टी में किसने छोड़ा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे को वहां कौन छोड़कर गया था और इसके पीछे क्या वजह रही।

*मिट्टी में दबा मिला मासूम, ग्रामीणों ने दिखाई संवेदनशीलता -*

क्षेत्र से सामने आई इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। जिस मासूम को जन्म के बाद मां की गोद और परिवार का सहारा मिलना चाहिए था, वह मिट्टी में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते समय रहते पुलिस को सूचना दी गई और नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया।

*झोलाछाप डॉक्टरों पर भी उठ रहे सवाल

इस तरह की घटनाओं के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कथित अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीण इलाकों में बिना पर्याप्त अनुमति या योग्य चिकित्सा व्यवस्था के संचालित होने वाले कुछ क्लीनिकों पर समय-समय पर गंभीर आरोप लगते रहे हैं। प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित अवैध क्लीनिकों की जांच कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कहीं गैरकानूनी गर्भपात या भ्रूण संबंधी किसी अवैध गतिविधि को बढ़ावा तो नहीं दिया जा रहा।

फिलहाल पुलिस नवजात को अस्पताल में भर्ती करवाकर मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां कौन लेकर आया था। घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

” रायपुरिया थाना प्रभारी गीता जाटव ने चर्चा में बताया कि नवजात फिलहाल स्वस्थ है। पुलिस ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.