गुणावद में उपस्वास्थ्य केंद्र निर्माण का रास्ता साफ, सीएमएचओ ने भवन स्वीकृति के लिए आयुक्त को लिखा पत्र

0

शान ठाकुर, पेटलावद

ग्राम पंचायत गुणावद के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से अटके उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का मामला अब आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एम.एल चोपड़ा ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त, भोपाल को पत्र लिखकर गुणावद में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण की स्वीकृति जारी करने का अनुरोध किया है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही री-टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।सीएमएचओ कार्यालय से 7 जुलाई 2026 को जारी पत्र क्रमांक 4356/भवन-शाखा/2026-27 में उल्लेख किया गया है कि ग्राम गुणावद में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए कलेक्टर द्वारा भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा संबंधित आदेश की प्रति भी पत्र के साथ संलग्न की गई है। पत्र में आयुक्त से भवन निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति जारी करने का अनुरोध किया गया है, ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके।

जानकारी के अनुसार, भवन निर्माण का पूर्व टेंडर निरस्त होने के बाद मामला लंबे समय से लंबित था। अब विभाग द्वारा री-टेंडर की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस संबंध में बीएमओ डॉ. अंतिम सोलंकी ने बताया कि सीएमएचओ स्तर से आवश्यक पत्राचार कर दिया गया है। स्वीकृति प्राप्त होते ही री-टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

गौरतलब है कि CB LIVE ने ग्राम गुणावद में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता ग्राउंड रिपोर्ट के माध्यम से उठाया था। समाचार के माध्यम से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग सामने लाया गया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले में सक्रियता दिखाते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों का कहना है कि उपस्वास्थ्य केंद्र भवन बनने से क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.