पेटलावद डेस्क। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर स्थानीय सुंदर श्री मैरिज गार्डन में सादगी एवं श्रद्धा के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर उनके अद्वितीय शौर्य, त्याग और राष्ट्र समर्पण को नमन किया। इस अवसर पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में आगामी सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। समाज की एकता, युवाओं की भागीदारी, समाज उत्थान को लेकर विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी ने महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने तथा समाज में आपसी भाईचारे और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
