जोबट में जनकल्याण शिविर का शुभारंभ, 40 से अधिक योजनाओं का लाभ देने प्रशासन और जनप्रतिनिधि एक मंच पर

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

नगर परिषद जोबट में शासन के निर्देशानुसार 15 जून से 17 जून 2026 तक आयोजित विशेष पखवाड़ा कार्यक्रम अंतर्गत जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना एवं उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सोहनजी कानस, एसडीएम वीरेंद्र बघेल, नगर परिषद सीएमओ संतोष राठौड़, नायब तहसीलदार अनिल मंडलोई, नगर परिषद अध्यक्ष राहुल मोहिनिया, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, मनोज चौबे, लक्ष्मण सिंह राठौड़, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र मंडलोई, मंडल महामंत्री रमाशंकर पारीक, संदीप जैन, सोहन डूडवे सहित समस्त पार्षदगण, राजस्व विभाग एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन पात्रता पर्ची, समग्र आईडी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, श्रमिक पंजीयन, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि योजना सहित 40 से अधिक योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया जा रहा है।

इसके अलावा राजस्व विभाग की सेवाओं के अंतर्गत नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रकरणों के आवेदन एवं निराकरण की प्रक्रिया भी शिविर में संचालित की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

अपर कलेक्टर सोहनजी कानस एवं एसडीएम वीरेंद्र बघेल ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले तथा किसी भी हितग्राही को अनावश्यक परेशान न होना पड़े। जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

जनकल्याण शिविर के साथ किया गया वृक्षारोपण

जनकल्याण शिविर के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नगर परिषद कार्यालय परिसर के बाहर अपर कलेक्टर सोहनजी कानस, एसडीएम वीरेंद्र बघेल, सीएमओ संतोष राठौड़, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक को इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

नगर परिषद द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी और आमजन की समस्याओं का समाधान भी तेजी से हो सकेगा। नगर परिषद जोबट में आयोजित जनकल्याण शिविर में उपस्थित अपर कलेक्टर, एसडीएम, जनप्रतिनिधि, राजस्व एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी। जनकल्याण शिविर के दौरान नगर परिषद कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.