गलत जांच रिपोर्ट से मेरी जान भी जा सकती थी : सरपंच पिंटू भूरिया 

0

पेटलावद। ग्राम पंचायत अमरगढ़ के सरपंच पिंटू सिंह भूरिया ने पाटीदार पैथोलॉजी लैब पेटलावद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शनिवार को संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

”सरपंच ने आरोप लगाया है कि लैब द्वारा जारी की गई दो जांच रिपोर्टों में गंभीर विसंगतियां हैं, जिनके आधार पर उनका उपचार चल रहा था और यदि रिपोर्ट गलत साबित होती है तो इससे उनके जीवन को भी खतरा हो सकता था। सरपंच पिंटू भूरिया ने इस संबंध में सीबीएमओ डॉ. एम.एल. चोपड़ा, थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया तथा तहसीलदार अनिल बघेल पेटलावद को अलग-अलग आवेदन सौंपकर पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा पैथोलॉजी लैब की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 3 जून एवं 4 जून 2026 को जारी दो जांच रिपोर्टों में हीमोग्लोबिन, आरबीसी, डब्ल्यूबीसी, प्लेटलेट्स सहित कई महत्वपूर्ण पैरामीटरों में अत्यधिक अंतर दिखाई दे रहा है। जबकि इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर उनका चिकित्सकीय उपचार किया जा रहा था। ऐसी स्थिति में यदि जांच रिपोर्ट त्रुटिपूर्ण या लापरवाहीपूर्ण पाई जाती है तो मरीज के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पेटलावद आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में गरीब एवं भोले-भाले आदिवासी नागरिक निजी पैथोलॉजी लैबों पर भरोसा कर अपनी जांच कराते हैं। यदि किसी लैब द्वारा गलत अथवा लापरवाही पूर्ण रिपोर्ट जारी की जाती है तो उसके आधार पर गलत उपचार होने से कई लोगों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर संकट खड़ा हो सकता है। इसलिए इस मामले को केवल व्यक्तिगत शिकायत न मानते हुए जनहित एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर विषय के रूप में लिया जाना चाहिए।

सरपंच ने अपने आवेदन में मांग की है कि पाटीदार पैथोलॉजी लैब की मशीनों, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली, सैंपल संग्रहण प्रक्रिया, रिपोर्ट सत्यापन व्यवस्था एवं संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लैब के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन : सरपंच पिंटू सिंह भूरिया ने बताया कि आज उनके द्वारा संबंधित अधिकारियों को शिकायत सौंपी गई है तथा अधिकारियों ने पूरे मामले में नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 “कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर से करूंगा शिकायत, न्यायालय भी जाऊंगा” 

सरपंच पिंटू सिंह भूरिया ने कहा, “आज मैंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। यदि पाटीदार पैथोलॉजी लैब के विरुद्ध समय पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो मैं क्षेत्र के बड़ी संख्या में सरपंचों के साथ झाबुआ पहुंचकर कलेक्टर के समक्ष सामूहिक शिकायत दर्ज करवाऊंगा। आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय की शरण लेने का भी मन बना चुका हूं। यह लड़ाई केवल मेरी नहीं बल्कि उन हजारों गरीब आदिवासी मरीजों की सुरक्षा और न्याय की है, जो निजी पैथोलॉजी लैबों पर भरोसा करते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.