गुजरात पुलिस पर कट्‌ठीवाड़ा में हमला, थाने में छिपकर बचाई जान

0

आलीराजपुर डेस्क। गुजरात की आणंद पुलिस को कट्‌ठीवाड़ा क्षेत्र में भारी विरोध और हमले का सामना करना पड़ा है। किसी व्यक्ति की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा और स्थानीय थाने में शरण लेनी पड़ी।

कट्‌ठीवाड़ा थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आणंद पुलिस की एक टीम नानी बड़ाेई गांव में दबिश देने आई थी। गांव में पुलिस को देखते ही ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने नाराजगी जताते हुए पुलिस दल को वहां से खदेड़ दिया। बिगड़ते हालात और ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर आणंद पुलिस की टीम तुरंत कट्‌ठीवाड़ा थाने पहुंची और वहां स्थानीय पुलिस के संरक्षण में रुकी। थाने में कुछ देर रुकने के बाद जब पुलिस टीम को लगा कि अब वे सुरक्षित हैं, तो वे वहां से निकलने लगे। लेकिन जैसे ही उनकी गाड़ी कट्‌ठीवाड़ा के बाजार में पहुंची, उन पर फिर से हमला कर दिया गया। भीड़ ने फालिये से उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी का टायर फाड़ने की कोशिश की। टायर तो नहीं फटा, लेकिन हमलावरों ने गाड़ी के कांच पूरी तरह से फोड़ दिए।

हमले के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आणंद पुलिस अपनी गाड़ी से आगे-आगे भाग रही थी, उनके ठीक पीछे आक्रोशित ग्रामीण थे और उन ग्रामीणों को रोकने के लिए पीछे से कट्‌ठीवाड़ा पुलिस दौड़ रही थी। इसी बीच स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भाबरा पुलिस ने इलाके में अपनी सक्रियता बढ़ाई। भाबरा पुलिस के मूवमेंट को देखते ही ग्रामीण मौके से भाग खड़े हुए। टीआई दिनेश सोलंकी ने पुष्टि की है कि भाबरा पुलिस की मदद से आणंद पुलिस की टीम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि अब तक किसी पर प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.