धन के पीछे भागने से तन और मन होते हैं बीमार : अनिल त्रिवेदी

0

थांदला। स्वाधीनता संग्राम सेनानी, पूर्व सांसद एवं प्रखर पत्रकार स्व. कन्हैयालाल की जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली थांदला में व्याख्यान माला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गांधीवादी चिंतक, लेखक, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं लोकतंत्र सेनानी अनिल त्रिवेदी (इंदौर) थे। उन्होंने व्याख्यान माला के विषय “तन–मन–धन और जगत में जीवन” पर विचार रखे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त रुप से नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील पणवा एवं पूर्व विधायक कलसिंह भामर ने की। विशेष अतिथि वरिष्ठ पत्रकार ओम भट्ट थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता नगीन शाहजी एवं बाल न्यायालय के पूर्व सदस्य अशोक अरोड़ा ने भी मंच साझा किया।

इस अवसर पर वक्ता त्रिवेदी ने विषय को रेखांकित करते हुए कहा कि व्यक्ति के जीवन में तन, मन और धन का महत्व है, लेकिन धन प्राप्ति के बाद तन और मन बीमार हो जाते हैं। अधिक धन आने पर नींद गायब हो जाती है। धन से मन छोटा होता है और व्यक्ति संकुचित रास्ता भी अपना लेता है, जबकि मनुष्य का असली धन तो उसका तन और मन ही है।

उन्होंने कहा कि जिसने भी तन और मन के स्थान पर केवल धन का रास्ता पकड़ा, वह विनाश की बेला की ओर बढ़ता है। अपनी बातों के समर्थन में उन्होंने स्व. वैद्य की पत्रकारिता एवं चिंतक मामा बालेश्वर दयाल के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।

विशेष अतिथि वरिष्ठ पत्रकार ओम भट्ट ने स्व. वैद्य को स्वतंत्रता आंदोलन का अजय योद्धा बताते हुए कहा उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से समूचे देश में आजादी का अलख जगाया।

पूर्व विधायक भाबर ने मामा बालेश्वर दयाल के साथ बिताए पलों के संस्मरणो को साझा करते हुए कहा कि स्व. वैद्य की पत्रकारिता से आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री पणवा ने कहा कि स्व. वैद्य ने पत्रकारिता और स्वतंत्रता आंदोलन के माध्यम से थांदला का नाम रोशन किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता नगीन शाह एवं श्री अशोक अरोड़ा ने स्व. वैद्य से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए। वरिष्ठ पत्रकार जवाहर डोषी (पीयूष महिदपुर) ने भी अपने विचार रखे।

राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा ने किया सम्मान

कार्यक्रम में अभिभाषक संघ की ओर से श्री त्रिवेदी का सम्मान श्रीमंत अरोरा, मयूरी राजू धानक के नेतृत्व में किया गया। राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा भारत के महा नियंत्रक केसी यादव (उज्जैन) ने उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए वरिष्ठ पत्रकार श्री डोषी का सम्मान किया।

विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार

स्व. वैद्य की स्मृति में संचालित वैद्य विद्या निकेतन के विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरण कार्यक्रम राहुल वर्मा के संचालन में संपन्न हुआ।

प्रतिमा पर माल्यार्पण

नगर परिषद प्रांगण स्थित मामा बालेश्वर दयाल बाल उद्यान में आयोजित कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने स्व. वैद्य एवं मामा जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर माल्यार्पण किया।

अतिथियों का स्वागत सादगी की प्रतीक सूतमाला से कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ पत्रकार क्रांति कुमार वैद्य, भेरूलाल वैद्य, पत्रकारगण कमलेश तलेरा,सुधीर शर्मा आदि ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार उमेश शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, व्यापारी संघ के रजनीकांत शाहजी ,पेंशनर संघ से सेवानिवृत प्राचार्य ललित जोशी, मांगीलाल राठौड़, पूर्व पार्षद रोहित बैरागी, कादर खान, जितेंद्र धामन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन पत्रकार कैलाश सनोलिया (नागदा जंक्शन) ने किया तथा आभार सुश्री क्रांति वैद्य ने माना।

Leave A Reply

Your email address will not be published.