मैं अहिल्या हूँ…..सैकड़ों महिलाओं ने धारण किया मां अहिल्या का रूप 

0

झाबुआ डेस्क। भारतीय स्त्री शक्ति संगठन की झाबुआ इकाई द्वारा आज राजवाड़ा चौक पर ” मैं अहिल्या हूँ ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ मीना भायल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। आज के इस कार्यक्रम में झाबुआ नगर की लगभग सवा सौ से अधिक महिलाओं ने अहिल्या बाई के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का जीवंत प्रदर्शन किया।

अहिल्या बाईं का योद्धा रूप, आध्यात्मिक रूप, प्रशासनिक रूप, जन हितार्थ घाटों के निर्माण वाला रूप सभी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए भारतीय स्त्री शक्ति संगठन की प्रदेशाध्यक्ष किरण शर्मा ने बताया कि भारतीय नारियों में अहिल्या बाई का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है, केवल इसलिए नहीं कि उन्होंने शासन किया था बल्कि इसलिए कि उनका शासन काल न्याय की सर्वसुलभता के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपने शासन काल में सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिए जो प्रयास किए उसके लिए उन्हें सदैव ही पूजनीय माना जाता रहेगा। 

वर्तमान समय में तथाकथित आधुनिकता के थपेड़ो के चलते ऐसा प्रतीत होने लगा है कि हमने नारी के देवी स्वरूप को त्याग कर भोग्या रूप को स्वीकार कर लिया है लेकिन हमारी संस्कृति ऐसी नहीं है। केवल देवी स्वरूप में ही नहीं वरन सामान्य रूप में भी हमारे पास सावित्री फुले, लक्ष्मीबाई, पन्ना धाय जैसी अनेक आदर्श महिलाएं हैं जिन्होंने अपने त्याग और आदर्श से अपनी विशेष जगह बनाई हैं। इन सभी विदुषियों में अहिल्या बाईं का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। वर्तमान पीढ़ी को अहिल्या बाई के द्वारा किए गए कार्यों से परिचय करा कर उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए आज के इस कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई थी। 

आज के इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नगर के विभिन्न संगठन पतंजलि योग समिति,सांत्वना ग्रुप ,नवदुर्गा समिति हाउसिंग बोर्ड,संकल्प ग्रुप,गायत्री परिवार,माहेश्वरी समाज,सोनी समाज,हनुमान टेकरी सेवा समिति, क्षत्राणी समाज, ब्राह्मण समाज की प्रबुद्ध महिला अर्चना सिसोदिया,वंदना जोशी,अंजू शर्मा,पूजा माथुर,सीमा शर्मा,कीर्ति गोड़ ,वंदना नायर ,शोभा वर्मा ,रेणु कछावा कीर्ति देवल,लता देवल,पृथ्वी शर्मा ,सुषमा शर्मा , रुक्मणी वर्मा भावना सेन आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा। समस्त सहभागियों को भारतीय स्त्री शक्ति की झाबुआ इकाई की ओर से एक प्रमाणपत्र एवं उपहार दिया गया जिसका वितरण डॉ मीना भायल, सुषमा शर्मा एवं मधु व्यास के करकमलों से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का सफल संचालन वंदना जोशी द्वारा किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.