पुरानी चोरी का खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई, इस बीच हो गई एक ओर वारदात, दंपत्ति को पीटकर ले गए लाखों के आभूषण

आरिफ हुसैन, चंद्रशेखर आजाद नगर

जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र में चोरियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछली चोरियों का खुलासा अब तक पुलिस नहीं कर पाई है, इस बीच रविवार रात एक बार फिर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। इसमें वृद्ध दंपति के साथ जमकर मारपीट की गई। इसके बाद घर में छिपाकर रखी 7 किलो चांदी और नकदी चुरा ले गए। मारपीट में वृद्ध दंपति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 

कोने में यहां छिपाकर रखी थी मटकी।

पुजारा फलिया के गेंदिया पिता नगरसिंह मावी उम्र 60 वर्ष पत्नी गोरलीबाई उम्र 59 वर्ष के साथ घर पर अकेले रहते हैं। उसके तीन पुत्र खेती करने गुजरात गए हुए हैं। रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे 7 से 8 बदमाश दरवाजे को धक्का मारकर घर में घुस गए। घर का सारा सामान बिखेर दिया। गेंदिया और गोरलीबाई के साथ जमकर मारपीट की। गोरलीबाई को घर में घसीट घसीट कर पीटा। उससे पूछा कि चांदी कहां रखी है। घायल वृद्ध महिला ने घर के कोने में गाड़कर रखी मटकी की जानकारी दी। जहां से चोर तीन बेटों की चांदी के आभूषण चोर चुरा ले गए। मटकी में से चांदी की रकम तीन कंदोरे, तीन साकली, दो बास्टिया, दो कड़े, चार मठिए, पांच चेन, 15 चूड़ी, एक हाथ फूल, तीन जोड़ पायजेब और नकदी चुरा ली। सभी का वजन लगभग 7 किलो बताया जा रहा है। 

अस्पताल में भर्ती घायल दंपत्ति।

वृद्धा के सिर में आए पांच टांके

पति-पत्नी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंद्रशेखर आजाद नगर में चल रहा है। महिला को सिर में पांच टांके आए हैं। जबकि गेंदिया का हाथ फ्रेक्चर हुआ है। चौकीदार व अन्य ग्रामीण घायल दंपति को लेकर पुलिस थाना आजाद नगर में रिपोर्ट लिखाने पहुंचे। इसके बाद उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गेंदिया और गोरलीबाई ने बताया चोरों ने उन्हें घर में घसीट घसीट कर पीटा। इसके बाद चोर 10 किलो चांदी के आभूषण ले गए। इसके अलावा घर में रखे 5 लाख नकद भी चुरा ले गए। चोरी गई चांदी की कीमत 5 लाख से अधिक आंकी गई है। 

पुलिस नहीं कर पा रही वारदातों का खुलासा

चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र में एक के बाद एक वारदात हो रही है। जिसका खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। अब 20 दिन बाद फिर से चोरों ने पुलिस को चुनौती दी है। इससे पहले भी क्षेत्र के ग्राम बिलझर में 14 व 15 जनवरी की रात को एक घर को बदमाशों ने निशाना बनाया था। लाखों की चोरी की रिपोर्ट पुलिस लिखने में आनाकानी कर रही थी। जब पीड़ित ने एसपी से शिकायत की थी उसके बाद केस दर्ज किया गया था। अगर पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली सुधारते हुए सख्ती नहीं की तो चोरों के हौसले और बुलंद हो जाएंगे। लोगों ने शीघ्र पिछली वारदातों के आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। 

Comments are closed.